बक्सर । जिले की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह को लेकर मीडिया में की गई कथित टिप्पणी के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा के एक कथित प्रवक्ता की टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की है।
जारी बयान में शेषनाथ सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा के कुछ तथाकथित प्रवक्ता अज्ञानता और राजनीतिक द्वेष के कारण बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ ओछी टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग अपने आकाओं के इशारे पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
राजद नेता ने कहा कि जिन लोगों को “पीए” जैसे सामान्य प्रशासनिक शब्दों का सही अर्थ तक नहीं मालूम, वे शिक्षा और प्रशासन पर ज्ञान बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के इस तरह की बयानबाजी करना राजनीतिक स्तर को गिराने जैसा है।
शेषनाथ सिंह ने अपने बयान में शिक्षा विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है और इसी व्यवस्था का लाभ उठाने वाले लोग आज नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता और यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
राजद जिलाध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली हार की टीस कुछ नेताओं को अब भी परेशान कर रही है। इसी कारण वे अनर्गल बयानबाजी कर राजनीतिक माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह की कार्यशैली, ईमानदारी और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता किसी परिचय की मोहताज नहीं है।
उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो राजद कार्यकर्ता इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
इस बयान के सामने आने के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर राजद और भाजपा के बीच बयानबाजी और तेज हो सकती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments