बक्सर । जिले के बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सास और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्ष की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इटाढ़ी थाना क्षेत्र के जलवंसी गांव निवासी भागवत पासवान के पुत्र मदन पासवान अपनी मां रेशमी देवी और भाभी प्रियंका देवी के साथ बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ प्रियंका देवी की एक वर्ष की पुत्री लाडो भी थी।
बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज के समीप मदन पासवान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (BR 44G 9688) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मदन पासवान सड़क किनारे गिर गए, जबकि ट्रक बाइक पर चढ़ गई।
हादसे में रेशमी देवी और प्रियंका देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक वर्ष की बच्ची लाडो गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मार्ग को जाम कर दिया और ट्रक चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। वहीं चालक विजय शंकर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर डीएसपी गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, गुमटी पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी के साथ इटाढ़ी थाना की पुलिस भी पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments