बक्सर । जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार की शाम वाहन जांच के दौरान पुलिस से उलझना छपरा निवासी सुधीर सिंह को महंगा पड़ गया। पुलिस ने उन्हें नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया है और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया। गाड़ी रुकने के बाद उसमें सवार युवक ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर दबाव बनाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद जवानों ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सुधीर सिंह को औद्योगिक थाना लाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि तलाशी के दौरान किसी प्रकार का हथियार या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को नशे की हालत में पकड़ा गया है और नियमों के अनुसार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि गिरफ्तार सुधीर सिंह एक राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता दीनानाथ सिंह पूर्व विधायक थे, जिनका पिछले वर्ष जुलाई में निधन हो गया था। वहीं उनके चाचा प्रभुनाथ सिंह महाराजगंज से सांसद रह चुके हैं, जबकि उनके चचेरे भाई रणधीर सिंह वर्तमान में सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र से जदयू के विधायक हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments