बक्सर । नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दो ट्रक चालकों के बीच हुआ विवाद भयावह रूप ले बैठा। झगड़े के दौरान एक चालक की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना पुराना भोजपुर में शनिवार की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नो-एंट्री खुलने के बाद ट्रकों का आवागमन शुरू हुआ था। इसी दौरान आगे निकलने और ओवरटेक करने को लेकर दो ट्रक चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक ट्रक चालक ने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और हाथ में लोहे की रॉड लेकर दूसरे चालक को मारने के इरादे से उसकी ओर बढ़ गया।
बताया जाता है कि इसी दौरान दूसरे चालक ने ट्रक नहीं रोका और वाहन आगे बढ़ाते हुए उसे कुचल दिया। घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी पंकज यादव (पिता- रामायण यादव) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments