बक्सर । डुमरांव प्रखंड के अरियांव-बगेनगोला पथ की हालत इन दिनों बदहाल हो चुकी है। सात माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। अरियांव गांव के समीप सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है, जहां घरों का गंदा पानी जमा होकर झील जैसा नजारा पेश कर रहा है। इससे आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क में बने गहरे गड्ढों के कारण ई-रिक्शा और बाइक सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई जगहों पर सड़क पूरी तरह धंस गई है। खासकर अरियांव गांव के पास स्थिति सबसे खराब है, जहां घुटने भर गड्ढे में पानी जमा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग कम से कम सड़क को मोटरेबल ही बना दे ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बक्सर को भोजपुर से जोड़ती है यह सड़क
अरियांव-बगेनगोला पथ भदवर-बराढ़ी होते हुए जगदीशपुर के पास भोजपुर जिले को जोड़ती है। इसके अलावा भदवर, बराढ़ी, बगेन सहित चौगाई प्रखंड के ग्रामीणों के लिए अनुमंडल मुख्यालय पहुंचने का यह प्रमुख मार्ग है। सड़क की जर्जर हालत के कारण हजारों लोगों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।
648.207 लाख की लागत से होना है निर्माण
ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार लगभग दस किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 648.207 लाख रुपये की लागत से होना है। निर्माण कार्य का टेंडर और आवंटन पहले ही हो चुका है। कार्य की शुरुआत 5 मई 2025 को होनी थी और इसे 4 मई 2026 तक पूरा करना है। लेकिन दस माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कार्य समाप्त होने में अब महज डेढ़ माह का समय बचा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अभियंताओं की अनदेखी और संवेदक की मनमानी के कारण सड़क की स्थिति बदतर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि संवेदक भी अब तक काम शुरू करने नहीं पहुंचा है।
सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध
सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को अरियांव गांव में विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी विचार मंच बिहार के संयोजक संतोष मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर मछली का बीज डालकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने संवेदक पर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर जलजमाव से मुक्ति नहीं मिली तो पुनः धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विरोध कार्यक्रम में हरेंद्र सिंह, बीडीसी मन्नालाल सिंह, कमलेश सिंह, सतीश मौर्य, विश्वामित्र सिंह, रमेश यादव, मुन्ना यादव, सोनू, विकास, खेलन सिंह, चंदन सिंह, सुमित, संतोष, अंकित, पलटू सिंह और ओमप्रकाश कुशवाहा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments