बक्सर । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी मैट्रिक परीक्षा परिणाम में बक्सर जिले के चौसा की रहने वाली सिमरन कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की मेरिट सूची में 9वां स्थान प्राप्त किया है। सिमरन ने कुल 482 अंक हासिल किए और जिले में चौथे स्थान पर रही। उसकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
सिमरन के पिता सोनू मालाकार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। सिमरन ने भी पिता के संघर्ष को समझते हुए पढ़ाई को अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बनाया और दिन-रात मेहनत कर यह सफलता हासिल की।
जैसे ही रिजल्ट की खबर चौसा पहुंची, सिमरन के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। वार्ड पार्षद चंदन चौधरी ने घर पहुंचकर सिमरन और उसके परिवार को बधाई दी। वहीं दादी तेतरी देवी ने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी पोती ने पूरे परिवार का नाम रोशन कर दिया है।
सिमरन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और आदि क्लासेज के संचालक आदित्य को दिया। उसने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और परिवार का सहयोग उसकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहा।
डॉक्टर बनने का सपना :
सिमरन कुमारी ने बताया कि उसका सपना आगे चलकर डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उसने कहा कि वह अपनी आगे की पढ़ाई भी पूरी मेहनत और लगन के साथ जारी रखेगी ताकि अपने लक्ष्य को हासिल कर सके।
साधारण परिवार से निकलकर राज्य की टॉप-10 सूची में जगह बनाना सिमरन की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उसकी सफलता ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे चौसा क्षेत्र के छात्रों को नई प्रेरणा दी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments