Ad Code

गन्ना जूस बेचने वाले की बेटी पूजा कुमारी ने रचा इतिहास, बिहार टॉप-10 में बनाई जगह


बक्सर । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में पुराना भोजपुर की छात्रा पूजा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया है। पूजा ने राज्य स्तर पर दसवां रैंक हासिल किया, जबकि जिले में वह छठे और अनुमंडल में पहले स्थान पर रही। उसकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। 

पूजा के पिता बीरबल चौधरी पुराना भोजपुर चौक पर गन्ने का जूस बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। कान से कम सुनने वाले बीरबल चौधरी आज अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व से भावुक हो उठे।




कठिन परिस्थितियों में मिली बड़ी सफलता :

चार बच्चों में सबसे बड़ी पूजा के जीवन में संघर्ष की कमी नहीं रही। कुछ वर्ष पहले उसके छोटे भाई गौतम की डूबने से असमय मृत्यु हो गई थी, जिससे परिवार गहरे सदमे में चला गया था। इसके बावजूद पूजा ने हिम्मत नहीं हारी और पढ़ाई जारी रखी। उसकी छोटी बहनें दूजा कुमारी और गुड़िया अभी मध्य विद्यालय, पुराना भोजपुर में पढ़ रही हैं।

पूजा की प्रारंभिक पढ़ाई संत जोसेफ हाई स्कूल (वर्तमान संत जेवियर्स) से हुई थी। नौवीं तक वहीं पढ़ने के बाद विद्यालय की मान्यता रद्द होने पर उसे मजबूरन उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुराना भोजपुर में दाखिला लेना पड़ा, जहां से उसने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की।





स्वाध्याय बना सफलता की कुंजी:

पूजा ने बताया कि उसने पढ़ाई में सेल्फ-स्टडी को प्राथमिकता दी और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। परीक्षा में उसे हिंदी में 96, संस्कृत में 90, गणित में 99, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में 78-78 तथा अंग्रेजी में 85 अंक प्राप्त हुए। 

सिविल सेवा में जाने का सपना:

पूजा कुमारी का लक्ष्य आगे चलकर सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक अधिकारी बनना है। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पूर्व विद्यालय के शिक्षकों और वर्तमान स्कूल के शिक्षक जेपी कुमार को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उसका मार्गदर्शन किया।

बिंद टोली जैसे पिछड़े इलाके से निकलकर राज्य की टॉप-10 सूची में जगह बनाना पूजा की कठिन मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उसकी सफलता ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे पुराना भोजपुर क्षेत्र में नई उम्मीद और प्रेरणा का संचार किया है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu