Ad Code

बक्सर की अनूपा कुमारी ने 97.8% के साथ बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर रचा इतिहास



बक्सर । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा रविवार दोपहर लगभग 1:30 बजे मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम की घोषणा शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर तथा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस वर्ष के परिणाम में एक बार फिर बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।



इसी क्रम में बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत धनसोई थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरहना की छात्रा अनूपा कुमारी ने 488 अंक (97.8 प्रतिशत) प्राप्त कर पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। 

साधारण परिवार से असाधारण सफलता :

अनूपा कुमारी के पिता नित्यानंद सिंह पेशे से किसान हैं, जबकि माता निर्मला देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद अनूपा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता आज हजारों ग्रामीण छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है। 

जेईई क्वालीफाई कर इंजीनियर बनने का लक्ष्य :

अपनी सफलता पर अनूपा ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य जेईई परीक्षा उत्तीर्ण कर इंजीनियर बनना है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में उनके माता-पिता के साथ-साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोरखनाथ मेहरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






शिक्षकों का मार्गदर्शन बना सफलता की कुंजी :

प्रधानाध्यापक गोरखनाथ मेहरा ने बताया कि अनूपा शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और हर विषय को गहराई से समझने के लिए नियमित रूप से शिक्षकों से सलाह लेती थी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और सही दिशा में मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।

अन्य छात्रों को दिया प्रेरणादायक संदेश :

अनूपा कुमारी ने अन्य छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर नियमित पढ़ाई की जाए और मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों तक सीमित रखा जाए, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।

इस वर्ष के बिहार बोर्ड परिणाम में लड़कियों का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है। अनूपा कुमारी की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत से ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu