बक्सर । डुमरांव अनुमंडल स्थित +2 उच्च विद्यालय लाखन डिहरा के विद्यार्थियों ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित परिणाम में स्कूल के कई छात्रों ने 400 से अधिक अंक प्राप्त कर ग्रामीण प्रतिभा की ताकत को साबित किया।
अमथुआ गांव निवासी सूरज ने 473 अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि इसी गांव की स्नेहा ने 463 अंक लाकर सफलता का नया रिकॉर्ड बनाया। सूरज को गणित में 99 अंक तथा स्नेहा को विज्ञान विषय में 99 अंक प्राप्त हुए, जो उनकी मेहनत और विषय पर पकड़ को दर्शाता है।
विद्यालय की छात्रा अंजलि ने 451 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा सविता, अन्नु, ममता, विवेक, निशांत, अंशिका, सुहानी, उषा, मोहिनी, अर्चना, आकांक्षा और खुशी सहित दर्जनों विद्यार्थियों ने 400 से अधिक अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र विद्यालय के नियमित विद्यार्थी हैं और उनकी सफलता में शिक्षकों की कड़ी मेहनत, विद्यार्थियों की लगन तथा अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पर्याप्त शैक्षणिक सुविधाएं मिलें, तो वे किसी भी स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए क्षेत्र के प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार और शिक्षाविद डॉ. नंद जी दूबे ने इसे राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों और नवीन परिवर्तनों का सकारात्मक परिणाम बताया।
विद्यालय के इस शानदार परिणाम से लाखन डिहरा और आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है तथा सफल विद्यार्थियों को बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments