Ad Code

विद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप हो शिक्षण कार्य : प्रदेश सचिव, आचार्य सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन



बक्सर । भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विद्यालयों में शिक्षण कार्य भारतीय संस्कृति, संस्कार और मूल्यों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। प्राचीन भारत की गुरु-शिष्य परंपरा, नैतिक शिक्षा, जीवनोपयोगी ज्ञान और व्यवहारिक कौशल आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उक्त बातें भारती शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली में आयोजित आचार्य सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को कही।




उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत वेद, उपनिषद, योग, आयुर्वेद, गणित, खगोल विज्ञान, दर्शन, भाषा एवं साहित्य जैसे विषयों का समन्वय आधुनिक शिक्षा पद्धति से किया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों का न केवल बौद्धिक विकास होगा, बल्कि उनमें नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होगी। उन्होंने विद्यालयों में संस्कृत श्लोक, नैतिक कथाओं और भारतीय महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाने पर बल दिया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक चेतना का विकास हो सके।

प्रदेश सचिव ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में शामिल करना समय की मांग है, ताकि विद्यार्थी आधुनिक ज्ञान के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़े रह सकें।






आचार्य सम्मेलन के दूसरे दिन का उद्घाटन प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गीत-संगीत, आशुवाचन, शारीरिक समता और सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें भोजपुर और बक्सर जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों के आचार्य एवं दीदी जी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों से लगभग तीन सौ से अधिक आचार्य एवं दीदी जी शामिल हुए हैं।

कार्यक्रम का संचालन गया विभाग प्रमुख उमाशंकर पोद्दार ने किया। मौके पर विभाग प्रमुख ब्रह्मदेव प्रसाद, सतीश कुमार सिंह, धरनी कांत पांडेय, लाल बाबू प्रसाद यादव, परमेश्वर कुमार, गंगा चौधरी, उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार, शैलेन्द्र कुमार, जैनेन्द्र कुमार, प्रमोद कुमार, संजीव कुमार, मनोज पांडेय समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu