Ad Code

अविनाश पहलवान का वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए सपोर्टिंग स्टाफ में चयन, जिले में खुशी की लहर


बक्सर । जिले के चौसा ग्राम निवासी अविनाश पहलवान का चयन 2nd वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज (यूरोप महाद्वीप) के लिए भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक यूरोप के अल्बनिया देश में आयोजित होगी। इस चयन से जिले सहित पूरे बिहार में गर्व और खुशी का माहौल है।



अविनाश पहलवान ने अपने चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह (बक्सर) सहित सभी वरीय कुश्ती पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया।

गौरतलब है कि अविनाश पहलवान बिहार राज्य के बक्सर जिले के चौसा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वे पूर्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने राज्य और देश के लिए कड़ी मेहनत की है तथा तीनों सेनाओं की कुश्ती टीम की ओर से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मैसेडोनिया, यूक्रेन, चीन समेत कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इसी महीने वे भारतीय टीम के साथ क्रोएशिया भी गए थे, जहां उन्होंने अपनी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई।





उनकी इस उपलब्धि से बक्सर जिला सहित पूरे बिहार में हर्ष का वातावरण है। गांव और जिले के लोग उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

इस अवसर पर बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज, अध्यक्ष अशोक सिंह, बिहार कुश्ती पद्धति प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अरुण पहलवान, पप्पू शेख, बिहार अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, चौसा रोगी कल्याण समिति सदस्य चंदा चौरसिया, बक्सर कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष मुस्तफा जी, एडवोकेट वासिम जी, रितेश चंद्रवंशी जी सहित तमाम स्थानीय लोगों ने अविनाश पहलवान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu