बक्सर । बक्सर–इटाढ़ी रोड पर बैरी गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार और ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी योगेंद्र कुमार के पुत्र धर्मेंद्र कुमार नगर परिषद में कचरा ढोने वाला ट्रैक्टर चलाते थे। सोमवार को वह कचरा लेकर इटाढ़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी विमल शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा साइकिल से जा रहे थे।
बैरी गांव के समीप अचानक साइकिल सवार ट्रैक्टर के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे (चाट) में पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दोनों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक गरीब परिवार से थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इटाढ़ी थाना पुलिस के अनुसार मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments