Ad Code

सड़क हादसे में मारे गए कृतसागर के परिवार से मिले रोटरी व मानवाधिकार संगठन, दी सांत्वना व आर्थिक सहायता


बक्सर । बक्सर जिला के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत कृतसागर गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना के बाद रोटरी क्लब अध्यक्ष एवं मानवाधिकार–सामाजिक न्याय के प्रदेश सचिव डॉ. दिलशाद आलम पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में रोटरी परिवार पूरी मजबूती के साथ पीड़ितों के साथ खड़ा है। इस दौरान रोट्रैक्ट से राहुल एवं सचिव साहिल भी उपस्थित रहे।




गौरतलब है कि बीते रविवार की सुबह करीब 5 बजे, बक्सर-पटना फोरलेन (एनएच-922) पर नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार एक अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।

इस हादसे में एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय, उनके भाई सुजीत कुमार पाण्डेय, तथा उनकी दो बुआएं गिरजा देवी (पति अरुण तिवारी, नेनुआ गांव, डुमरांव थाना) और मंजू देवी (पति धर्मराज ओझा, भरखरा गांव, ब्रह्मपुर थाना) की मौत हो गई। सभी मृतक आपस में बुआ-भतीजे थे और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर गांव के निवासी थे।






परिवारजनों ने बताया कि 2 फरवरी को एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय की इकलौती बहन मनीषा का तिलक समारोह था, जिसको लेकर घर में खुशी का माहौल था। माघी पूर्णिमा के अवसर पर ओमकार अपने भाई और दोनों बुआओं को लेकर रमरेखा घाट गंगा स्नान के लिए बक्सर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

मौके पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि वे सरकार से मांग करते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर जगह रिफ्लेक्टर लगाए जाएं और यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शहीद एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय के बच्चों का केंद्रीय विद्यालय में नामांकन कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही रोटरी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस पहल से पीड़ित परिवार को कुछ संबल मिला है, हालांकि गांव और पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu