बक्सर । बगेन गोला थाना क्षेत्र के भादा गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। विवाह समारोह में युवकों द्वारा अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को बगेनगोला थाना को सूचना मिली कि रामेश्वर साह की बेटी के विवाह समारोह में कुछ युवक हथियार लेकर पहुंचे हैं और नाच कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान घटनास्थल से संदेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने धीरज पांडेय, सोनू यादव, विंध्याचल कुमार, विकास कुमार और रजनीश कुमार को भी पकड़ लिया। सभी आरोपियों पर अवैध देसी कट्टा रखने और शादी समारोह में फायरिंग करने का आरोप है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments