बक्सर । बक्सर जिले के कम्हरिया स्थित जीयरमठ गंगाधाम में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं काशी के विद्वान आचार्यों द्वारा सवा लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य एवं दिव्य आयोजन चल रहा है। यह महा अनुष्ठान श्री श्री 1008 गंगापुत्र श्री लक्ष्मीनारायण त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित श्री नर्सिंग बालाजी धाम के पूज्य संत श्री संतोष भाई महाराज विशेष रूप से पधारे हुए हैं, जिनकी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई है। बीते 5 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ, जो आगामी 10 फरवरी तक चलेगा। समापन के अवसर पर पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस महायज्ञ की सबसे खास विशेषता यह है कि यज्ञ मंडप माँ गंगा के पवित्र जल में निर्मित किया गया है, जहां जल के बीच ही वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ संपन्न हो रहा है। इस अलौकिक दृश्य को देखने और पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाधाम पहुंच रहे हैं।
गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज ने कहा कि इस महायज्ञ से भक्तों की मनोकामनाएं शीघ्र पूर्ण होती हैं और माँ गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। प्रतिदिन होने वाली दिव्य गंगा आरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं भक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments