बक्सर । जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना भोजपुर में रविवार को एक व्यक्ति की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गंगासागर शर्मा, पिता स्वर्गीय ब्रह्मदयाल शर्मा के रूप में की गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गंगासागर शर्मा पुराना भोजपुर के निवासी थे और वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लंबे समय तक ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत रहे। करीब दो वर्ष पूर्व उन्होंने पुराना भोजपुर अंडरपास के समीप खटाल खोलकर पशुपालन शुरू किया था। उनके खटाल में सात गायें और कुछ बकरियां थीं, जिनके सहारे परिवार की आजीविका चलती थी।
परिजनों के अनुसार गंगासागर शर्मा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। करीब एक माह पूर्व उनकी माता का निधन हो गया था, जिससे वे गहरे सदमे में चले गए थे। इसके अलावा पारिवारिक कलह और घरेलू समस्याओं के चलते भी वे परेशान रहते थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं कारणों से उनकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। किसी भी बिंदु को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। घटना के बाद से पुराना भोजपुर और आसपास के इलाकों में गमगीन माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और हरसंभव सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments