Ad Code

गंगाधाम कम्हरिया में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न



बक्सर । सदर प्रखंड अंतर्गत गंगाधाम, कम्हरिया में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था के भव्य संगम के साथ संपन्न हो गया। महायज्ञ के समापन अवसर पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब गंगाधाम की ओर उमड़ पड़ा। देखते ही देखते यज्ञ स्थल पर साधु-संतों और भक्तों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।


महायज्ञ के अंतिम दिन गंगा नदी के तट पर निर्मित यज्ञशाला में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कर पूर्णाहुति दी गई। इस दौरान मंत्रध्वनि से संपूर्ण क्षेत्र गूंज उठा। साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति की कामना की। बीते पांच दिनों से निरंतर चल रहे हनुमान चालीसा पाठ और हरि कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिरस से सराबोर नजर आया।

समापन अवसर पर मनीषी संत परम पूज्य श्री 1008 गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज ने कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और इसमें भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने धर्म, सदाचार और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार पर बल दिया। स्वामी जी के प्रवचन को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और अनेक भक्तों ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।





दोपहर बारह बजे के बाद विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों साधु-संतों और हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भंडारा निर्बाध रूप से चलता रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति की उत्तम व्यवस्था और सेवा-भाव की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज द्वारा सभी साधु-संतों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। महायज्ञ के सफल समापन पर श्रद्धालुओं के चेहरे पर संतोष, शांति और गहरी आस्था की झलक स्पष्ट दिखाई दी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu