बक्सर । श्री हनुमत धाम मंदिर, कमरपुर के पावन प्रांगण में पूज्य श्री श्री 108 श्री अनंत श्री संपन्न श्री समलंकृत सियानुज श्री नारायण दास ‘भक्तमाली’ महाराज (मामा जी महाराज) के 18वें पुण्य स्मृति महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।
महोत्सव के प्रथम दिन अयोध्या धाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित विजय नारायण शरण जी ने श्रीराम कथा का शुभारंभ किया। कथा के दौरान उन्होंने श्रीराम की अनंत महिमा का वर्णन करते हुए पूज्य मामा जी महाराज तथा श्री महात्मा जी (श्री रामचरित्र दास जी महाराज) के जीवन, साधना और गुरु-भक्ति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु की महिमा अपरंपार है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन का वास्तविक कल्याण संभव है।
प्रथम दिन सामूहिक हनुमान चालीसा के सस्वर अखंड पाठ का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव से कथा श्रवण एवं पाठ में सहभागी बने।
आयोजन समिति श्री नेहनिधि नारायण सेवा समिति ने जानकारी दी कि यह पुण्य स्मृति महोत्सव आगामी 4 फरवरी तक निरंतर चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा, भजन-कीर्तन एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ श्री नेहनिधि नारायण सेवा समिति के सभी सदस्य पूरी निष्ठा और सेवा भाव से जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और आस्था देखी जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments