बक्सर । जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत खीरी गांव के खेल मैदान में शुक्रवार को अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें बिहार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इस प्रतियोगिता में नेपाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार की कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। दूसरे दिन का मुकाबला नेपाल और झारखंड के बीच खेला जाएगा। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि राजपुर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार एवं उप प्रमुख प्रतिनिधि हैदर अली होंगे।
पहले दिन के मुख्य अतिथि नुआव प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल को आपसी भाईचारे और अनुशासन का प्रतीक बताया।
1 मार्च को होगा फाइनल मुकाबला :
आयोजक संस्था जय माँ काली स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 27 फरवरी से शुरू होकर 1 मार्च को फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगी। विजेता टीम को 60,000 रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 40,000 रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति की भूमिका :
प्रतियोगिता के सफल संचालन में आयोजन समिति की अहम भूमिका है। क्लब के अध्यक्ष धनजी तिवारी, उपाध्यक्ष संतोष सिंह एवं जोगेंद्र चौहान, कोषाध्यक्ष विश्वामित्र शर्मा, उप कोषाध्यक्ष राजू खरवार और अशोक चौहान, सचिव अरुण कुमार सिंह तथा उप सचिव कमलेश पासवान (बीडीसी प्रतिनिधि) सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस अंतरराज्यीय प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments