बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरा गांव निवासी कृष्ण कांत पांडेय ने राष्ट्रीय स्तर पर बक्सर का मान बढ़ाया है। 21 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित 87वें सीआरपीएफ दिवस समारोह में आईईडी प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) पुणे को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थान’ घोषित किया गया। यह ट्रॉफी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने संस्थान के प्रिंसिपल एवं डीआईजी Krishna Kant Pandey को प्रदान की।
आईआईएम पुणे वर्ष 2012 से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से निपटने के लिए देश का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बनकर उभरा है। पिछले 13 वर्षों में यहां 12,553 सुरक्षा कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें राज्य पुलिस बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, स्पेशल फोर्स और मित्र देशों के अधिकारी भी शामिल हैं।
संस्थान के प्रशिक्षण का प्रभाव जमीनी अभियानों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। वर्ष 2025 में सीआरपीएफ द्वारा 767 आईईडी और 6,510 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किए गए, जिससे कई संभावित बड़ी घटनाओं को टाला जा सका।
आईआईएम पुणे को इससे पहले वर्ष 2017 और 2019 में स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड मिल चुका है। साथ ही 2023 में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एंटी-सैबोटेज निगरानी में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सराहना भी प्राप्त हुई थी।
कृष्ण कांत पांडेय की इस उपलब्धि से पूरे बक्सर जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments