बक्सर । शनिवार को बक्सर नगर परिषद के सभागार में सभापति कमरून निशा की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋतिक, सिटी मैनेजर सहित सभी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी बजट पर विस्तृत चर्चा की गई तथा नगर हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दो लाइफ सपोर्ट सिस्टम एम्बुलेंस की व्यवस्था, एक शव वाहन तथा डिप फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके अलावा नगर परिषद की अन्य आवश्यक सेवाओं को बहाल एवं सुदृढ़ करने पर भी सहमति बनी।
बैठक के उपरांत सभापति, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य एवं पदाधिकारी श्मशान घाट पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्मशान घाट में व्याप्त समस्याओं एवं सुविधाओं की कमी पर चर्चा करते हुए सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
सभापति ने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया कि श्मशान घाट में सभी प्रकार की पर्ची एक ही स्थान से कटने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही वाराणसी के मोक्ष धाम की तर्ज पर आधुनिक एवं व्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार किया गया।
बैठक में श्मशान घाट को पूर्ण रूप से व्यवस्थित एवं जनसुविधा के अनुरूप विकसित करने का निर्देश दिया गया, ताकि नागरिकों को कठिन समय में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments