Ad Code

कर्मचारी, शिक्षक, मजदूर व किसान विरोधी है आम बजट : लवकुश सिंह


बक्सर । केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026 को लेकर कर्मचारी संगठनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीण कार्य विभाग कर्मचारी संघ के महासचिव एवं बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) के सह-राज्य सचिव लवकुश सिंह ने बजट को नौकरीपेशा, मिडिल क्लास, मजदूर, किसान और महिलाओं के लिए घोर निराशाजनक बताया है।



लवकुश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लेकर बजट में एक बार फिर कोई चर्चा नहीं की गई। केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों में लाखों पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं, लेकिन उन्हें भरने को लेकर भी बजट पूरी तरह मौन रहा। वहीं संविदा, मानदेय और आउटसोर्स कर्मियों की सेवा नियमित करने पर भी सरकार ने कोई ठोस पहल नहीं की।
उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी, मिड-डे-मील सहित अन्य स्कीम वर्करों को नियमित करने और कम से कम मजदूरी देने की मांग को फिर से नकारे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव न किए जाने को सरकारी कर्मचारियों की उपेक्षा और महंगाई बढ़ाने वाला कदम बताया।





लवकुश सिंह ने कहा कि जनवरी 2026 से लागू होने वाले आठवें वेतन आयोग का बजट में नाम तक नहीं लिया गया और न ही उसके लिए किसी प्रकार की राशि का प्रावधान किया गया। बढ़ती महंगाई के बावजूद सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई राहत की कोई घोषणा नहीं की गई, जबकि कर्मचारी संगठन लगातार यह मांग कर रहे हैं कि सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुसार 50 प्रतिशत से अधिक महंगाई भत्ता होने पर उसे मूल वेतन में मर्ज किया जाए।
इसके अलावा कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते पर भी बजट में कोई स्पष्टता नहीं दिखाई गई। उल्टे कई क्षेत्रों में नए टैक्स लगाने का प्रावधान कर दिया गया है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

अंत में लवकुश सिंह ने कहा कि यह बजट पूरी तरह कर्मचारी, शिक्षक, मजदूर और किसान विरोधी है और इससे सरकार की जनविरोधी सोच उजागर होती है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu