बक्सर । मानव जीवन को गति देने वाली और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी काव नदी आज अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए डुमरांव के जदयू विधायक राहुल सिंह ने हाल ही में काव नदी का निरीक्षण किया और मरती हुई नदी को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक राहुल सिंह ने कहा कि नदी केवल जलधारा नहीं होती, बल्कि वह जीवन, संस्कृति और सभ्यता की धुरी होती है। काव नदी का संरक्षण और पुनर्जीवन क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि सबसे पहले नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नदी की उडाही कराई जाएगी तथा उसमें जमा डंप कूड़े को हटाकर अवरोधों को समाप्त किया जाएगा, ताकि नदी की निर्मल धारा का पुनः प्रवाह संभव हो सके।
विधायक ने कहा कि काव नदी को उसके पुराने स्वरूप में लौटाने के साथ-साथ रिवर फ्रंट का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे लोग नदी के तट पर समय बिता सकें और नदी से जुड़ाव महसूस कर सकें। इसके अलावा नदी के पानी से किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा नदी से जुड़े परिवारों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की भी योजना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से काव नदी को फिर से जीवनदायिनी बनाया जा सकेगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर साबित होगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments