Ad Code

केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर से मिले भाजपा नेता विजय मिश्रा, बक्सर में जलमार्ग परियोजनाओं को लेकर मिला आश्वासन, दिल्ली से टीम पहुँचेगी बक्सर, जल्द शुरू होगा सर्वे


बक्सर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दूरसंचार सलाहकार समिति (पटना सर्किल) के सदस्य विजय कुमार मिश्र ने भारत सरकार के पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर से मुलाकात कर बक्सर जिले में जलमार्ग एवं पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की मांग रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।


विजय मिश्र ने बताया कि मंत्री शांतनु ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दिल्ली से सर्वे टीम अगले दो दिनों के भीतर बक्सर पहुंचेगी। सर्वे टीम उनकी मौजूदगी में सीमांकन एवं सर्वे की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




भेंट के दौरान विजय मिश्र ने मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए बक्सर जिले के पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बक्सर भगवान वामन की जन्मस्थली, प्रभु श्रीराम की शिक्षा स्थली, महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली, हनुमान जी का ननिहाल तथा माता अहिल्या के उद्धार और ताड़िका वध की भूमि रही है। गंगा तट पर स्थित बक्सर को वेदगर्भापुरी भी कहा जाता है। बावजूद इसके, आज तक बक्सर का समुचित पर्यटन विकास नहीं हो सका है।

विजय मिश्र ने चौसा प्रखंड में स्थापित थर्मल पावर प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेवा घाट के पास जलमार्ग से कोयला लाने के लिए एक टर्मिनल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने बक्सर में जलमार्ग आधारित पर्यटन और परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं को प्राथमिकता में शामिल करने की मांग की।



मंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव में रामरेखा घाट पर काटामारन बोट के संचालन, बक्सर से वाराणसी के बीच क्रूज सेवा शुरू करने, चौसा के महादेवा घाट के पास टर्मिनल निर्माण तथा सिमरी प्रखंड अंतर्गत ब्रह्म विद्यालय गंगा कुटी के पास एक जेटी निर्माण की मांग शामिल है।

केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बक्सर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए जलमार्ग एवं पर्यटन विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu