Ad Code

चार माह से वेतन लंबित, चौसा थर्मल पावर प्लांट के मजदूरों का शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार


बक्सर । सतलुज थर्मल पावर लिमिटेड (एसटीपीएल), चौसा में कार्यरत मजदूरों ने चार माह से लंबित वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। यह निर्णय शनिवार 10 जनवरी को अखौरीपुर गोला स्थित कॉलोनी में आयोजित बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता विद्युत मजदूर कांग्रेस (इंटक) के अध्यक्ष अमरनाथ पाण्डेय (पप्पू पाण्डेय) ने की।



बैठक में मजदूरों ने बताया कि एसटीपीएल के अधीनस्थ ठेकेदार पावर मेक (Power Mech) द्वारा पिछले चार महीनों से मजदूरों का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के अनुसार 25 दिसंबर 2025 को एसटीपीएल के निर्देश पर पावर मेक द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि किसी भी परिस्थिति में 10 जनवरी 2026 तक लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। हालांकि तय तिथि तक, सायंकाल तक भी वेतन का भुगतान नहीं हो सका, जिससे मजदूरों में भारी रोष है।

इस स्थिति को देखते हुए सभी मजदूरों ने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया, जिसे विद्युत मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने भी समर्थन दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य बहिष्कार पूर्णतः शांतिपूर्ण होगा। किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन या तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। मजदूर अपने-अपने कॉलोनियों में शांतिपूर्ण ढंग से बैठक कर विरोध दर्ज कराएंगे।

इंटक अध्यक्ष अमरनाथ पाण्डेय ने प्रशासन से अपील की है कि शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की आशंका है, इसलिए मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने लंबित वेतन का अविलंब भुगतान कराए जाने के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने कहा कि मजदूर लंबे समय से आर्थिक तंगी झेल रहे हैं और वेतन न मिलने के कारण उनके समक्ष गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो हालात और बिगड़ सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार प्रबंधन की होगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu