Ad Code

मां काली मंदिर स्थापना वर्षगांठ पर श्रीराम जन्मोत्सव की गूंज, श्रद्धालु भक्ति में झूमे


बक्सर । बक्सर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मां काली मंदिर की 23वीं स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीधाम अयोध्या से पधारीं सुश्री किशोरी प्रज्ञा पांडे ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया।




कथा के दौरान किशोरी प्रज्ञा पांडे एवं पतरकोना निवासी सुप्रसिद्ध भजन व्यास रविंदर तिवारी द्वारा प्रस्तुत सोहर मंगल ने ऐसा समा बांधा कि श्रद्धालु झूमने और नाचने को विवश हो गए। भक्ति संगीत की इस प्रस्तुति में कलाकारों की लंबी श्रृंखला ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। तबले पर बक्सर के सुप्रसिद्ध कलाकार ललन मिश्रा, डिहरी भईसड़ा (रोहतास) के दिनेश कुमार उर्फ भुवाली, नाल पर कचईनिया निवासी उमाशंकर, बैंजो पर मुंगाव निवासी छठू लाल लहरी तथा देवकुली धर्मपुरा के राम आशीष ओझा सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कथा के दौरान किशोरी प्रज्ञा पांडे ने कहा कि भगवान हर युग में अवतार लेते हैं। भगवान का जन्म नहीं बल्कि उनका प्राकट्य होता है। वे अधर्म के नाश और धर्म की पुनः स्थापना के लिए धरती पर आते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कलयुग के अंत में भगवान का कल्कि अवतार होगा, जो विष्णु यश नामक ब्राह्मण और माता सुमति के यहां प्रकट होंगे।

कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कथा कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चल रहा है। कार्यक्रम का समापन 13 जनवरी मंगलवार को होगा, जबकि 14 जनवरी बुधवार को पूर्णाहुति एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा।

यह संपूर्ण आयोजन आचार्य सत्येंद्र तिवारी उर्फ सोनू बाबा के सानिध्य में चल रहा है। उन्होंने बताया कि तीसरे दिन व्यास पीठ पर जजमान की भूमिका श्री धीरज सिंह द्वारा निभाई गई। आयोजन को सफल बनाने में धन्जी सिंह, अनिल तिवारी, मुन्ना सिंह, चूमन राय, भानू बाबा, चंदन पाण्डेय, मनोज राय, वैष्णवी टेंट हाउस के ऋषिकेश पाण्डेय, सुशील राय सहित अन्य सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu