Ad Code

सड़क चौड़ीकरण से आवागमन होगा सुगम, लेकिन सुरक्षा इंतजामों की कमी से बढ़ी चिंता


बक्सर । शहर की सुंदरता बढ़ाने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से बक्सर में बड़े पैमाने पर सड़क चौड़ीकरण और फोरलेन बाइपास निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। यह योजना शहरवासियों के लिए राहत लेकर आने वाली है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। कई स्थानों पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर, जिससे खासकर कोहरे के समय सुबह और शाम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



शहर के गोलंबर से ज्योति चौक तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे फोरलेन बाइपास के निर्माण को 41 करोड़ 52 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस सड़क के बीच में तीन फीट चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा, जबकि दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सड़क होगी। साथ ही एक-एक मीटर चौड़ा नाला और ढाई-ढाई मीटर का शोल्डर भी बनाया जाएगा, जिससे जलनिकासी और सड़क सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।

सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार ने बताया कि फोरलेन बाइपास बनने से भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम होगा और आवागमन कहीं अधिक आसान हो जाएगा। बाइपास निर्माण के तहत बस स्टैंड के पास सोन नहर पर एक पुल का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। निर्माण अवधि के दौरान यातायात को प्रभावित होने से बचाने के लिए डायवर्जन का काम भी प्रारंभ कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे और पेड़ सड़क की जद में आ रहे हैं, जिन्हें हटाने के लिए बिजली कंपनी और वन विभाग से समन्वय किया जा रहा है। वहीं पुराने बाइपास के चौड़ीकरण के साथ-साथ नए फोरलेन बाइपास का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जो एनएच-922 से होते हुए चौसा-मोहनिया मुख्य पथ तक जुड़ेगा।

हालांकि, निर्माण कार्य की रफ्तार के साथ-साथ सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि विकास के इस कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu