बक्सर । डुमरांव शहर के खिरिया ब्रह्म बाबा के समीप हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर अपराधियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने एवं चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
गुरुवार को स्थानीय थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि तीन दिसंबर को खिरिया ब्रह्म बाबा के समीप रहने वाले विनोद मिश्रा के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज कर एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के साथ छह सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया।
तफ्तीश के क्रम में पुलिस ने छठिया पोखरा निवासी राजेश डोम के पुत्र भूलन डोम एवं भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के छोटकी ससरांव निवासी भिखारी डोम के पुत्र लालबाबू डोम को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर डुमरांव के जवाहर मंदिर मोहल्ला निवासी प्रिंस कुमार एवं चतुरशालगंज निवासी उमेश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को चौक रोड निवासी यशपाल सिंह के पुत्र ध्रुप कुमार तथा बंधन पटवा मोहल्ला निवासी अशोक सोनार के पुत्र राजकुमार सोनार के माध्यम से खपाया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कागजी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी भूलन डोम एवं लालबाबू डोम के खिलाफ पूर्व से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। भूलन डोम पर बक्सर मुफस्सिल थाना, बक्सर रेल थाना, नया भोजपुर, डुमरांव एवं नावानगर थाना में मामले दर्ज हैं, जबकि लालबाबू डोम के खिलाफ नया भोजपुर, डुमरांव, बक्सर मुफस्सिल एवं बक्सर रेल थाना सहित अन्य थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के घरों एवं दुकानों से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें पांच चांदी के सिक्के, एक जोड़ा चांदी की पायल, सोने की नाक की छूछी सहित अन्य सामान शामिल हैं। इस कार्रवाई में सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, रविशंकर पांडेय, विपिन कुमार सहित डीआईयू की टीम भी शामिल रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments