बक्सर । सोमवार की देर रात डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने शहर में चल रहे नाला व पुलिया निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
बताया गया कि डुमरांव नगर के स्टेशन रोड पर दो स्थानों पर पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इससे झारखंड सहित राज्य के दक्षिणी भाग के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग बंद रहने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।
विधायक राहुल कुमार सिंह ने इस माह 14 जनवरी तक अधूरे कार्य को पूरा कर मेन रोड चालू कराने का निर्देश पहले ही दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं हो सका। कार्य की प्रगति से असंतुष्ट होकर विधायक ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया और कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मौजूद जेई ने विधायक को बताया कि पुल निर्माण के दौरान पानी के बहाव को रोक दिया गया था, लेकिन आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन रात के समय पानी का बहाव खोल दिया जाता है। इसके बाद दोबारा पानी भरने पर उसे निकालने के लिए पंप सेट का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी हो रही है और कार्य प्रभावित हो रहा है।
विधायक ने अधिकारियों को जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य शीघ्र पूरा करने और यातायात को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments