Ad Code

ब्लड बक्सर ने सेवा से की नए वर्ष की शुरुआत, जरूरतमंदों के बीच कंबल बांट पेश की मानवता की मिसाल


बक्सर । नववर्ष की शुरुआत सेवा और मानवता के संदेश के साथ करते हुए ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग, ब्लड बक्सर की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए रविवार देर रात करीब 11 बजे रक्तवीरों की टीम शहर की सड़कों पर उतरी और बेसहारा, गरीब तथा झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई।

कंबल वितरण का यह कार्यक्रम किला मैदान सहित बक्सर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे एवं झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंदों के बीच किया गया, जहां ठंड का सबसे अधिक प्रभाव देखा जा रहा है। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। उन्होंने ब्लड बक्सर की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई है।



इस अवसर पर भाजपा नेता सुमित मानसिंहका ने कहा कि ब्लड बक्सर सदैव मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। चाहे रक्तदान हो या सामाजिक आवश्यकता, ब्लड बक्सर की सक्रियता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों को संबल प्रदान करते हैं।

कंबल वितरण कार्यक्रम में ब्लड बक्सर के रक्तवीर प्रभात कुमार, प्रभा रंजन, कुमार गौरव, नसीम नायक, रविशंकर शर्मा, आदिल खान, सैफ अंसारी और प्रियेश की सक्रिय सहभागिता रही। सभी रक्तवीरों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।

रक्तवीरों ने बताया कि यह सेवा कार्य पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है और ठंड की तीव्रता को देखते हुए आगे भी वस्त्र एवं कंबल वितरण का कार्य जारी रहेगा। ब्लड बक्सर का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद ठंड से पीड़ित न रहे।

इसके साथ ही ब्लड बक्सर द्वारा 13 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। रक्तवीरों ने आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से कई जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है।

सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने वाली ब्लड बक्सर की यह पहल न केवल जरूरतमंदों के जीवन में राहत ला रही है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu