Ad Code

भूमि विवाद से जुड़ी घटनाओं पर लगाम के लिए प्रशासन सतर्क, एसडीओ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित


बक्सर । भूमि विवाद को लेकर लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और हत्याओं के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासन ने ठोस रणनीति तैयार की है। इसी क्रम में गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के कार्यालय कक्ष में भूमि विवाद एवं विधि व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।




बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने की, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, नगर थानाध्यक्ष, अंचल अधिकारी बक्सर, राजस्व अधिकारी चौसा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अनुमंडल क्षेत्र में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई और इसके समाधान पर गहन चर्चा हुई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों का त्वरित गति से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विवाद बढ़ने से पहले ही उसे नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में विशेष रूप से बक्सर शहर के मठिया रोड स्थित कब्रिस्तान की भूमि से जुड़े विवाद पर चर्चा की गई। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष एवं अंचल अधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि वे मामले पर लगातार निगरानी रखें और पूर्व में दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते का सख्ती से अनुपालन कराएं।

इसके अलावा भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन कर उसकी सूचना अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस पहल से भूमि विवाद से उत्पन्न तनाव और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu