बक्सर । बुधवार को जिला पदाधिकारी सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ के प्रवेशांक का संयुक्त रूप से विमोचन किया गया। इस अवसर पर साहिला, जिला पदाधिकारी बक्सर, अरुण कुमार अपर समाहर्ता बक्सर, संदीप रंजन जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, चन्दन कुमार द्विवेदी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) बक्सर तथा रजनीश उपाध्याय जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) बक्सर उपस्थित रहे।
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा कि ई-पत्रिका ज्ञान, अनुभव और सूचना के प्रसार का एक आधुनिक व प्रभावी माध्यम है। यह डिजिटल युग में शिक्षा को नई दिशा देने का सशक्त प्रयास है। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन ने कहा कि पत्रिका का संपादन एक रचनात्मक कार्य है और यह ई-पत्रिका विद्यालयों में हो रही गतिविधियों का सजीव दर्पण है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) चन्दन कुमार द्विवेदी ने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना, बक्सर के तत्वावधान में प्रकाशित शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” का प्रवेशांक जनवरी 2026 में प्रकाशित हुआ है। यह बक्सर जिले की प्रथम पूर्णतः डिजिटल शैक्षिक ई-पत्रिका है, जिसका उद्देश्य शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे ज्ञान, नवाचार और संस्कार से जोड़ना है।
गौरतलब है कि यह ई-पत्रिका विद्यार्थियों, शिक्षकों और शैक्षिक प्रशासकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराती है। इसमें शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, शारीरिक शिक्षा, योग, विज्ञान प्रदर्शनी, नागरिक बोध, कला, केस स्टडी, परीक्षा तैयारी, कविता, जिले की शैक्षिक गतिविधियां और बक्सर की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विविध स्तंभ शामिल किए गए हैं। तकनीकी रूप से यह पत्रिका QR कोड, इंडेक्स लिंक और यूज़र-फ्रेंडली डिजिटल नेविगेशन जैसी सुविधाओं से युक्त है, जिससे पाठक कहीं से भी सहज रूप से इसे पढ़ सकते हैं।
इस अवसर पर पत्रिका के संपादन मंडल से जुड़े डॉ. नवनीत कुमार सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, रामभजन राम, विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, मोनिका कुमारी, विकास कुमार, सुभाष चौहान, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, रवि प्रकाश, अजय कुमार सहित कई शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments