बिहार । आरा के महाराजा कॉलेज का नाम बदलकर उसके मूल नाम “महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह महाविद्यालय, आरा” किए जाने पर चिलहरी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह उर्फ कतवारू सिंह ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे डुमराँव रियासत के दिवंगत महाराजा बहादुर राम रणविजय सिंह के प्रति सम्मान और ऐतिहासिक न्याय बताया।
कतवारू सिंह ने कहा कि डुमराँव रियासत के तत्कालीन महाराजा बहादुर राम रणविजय सिंह ने शाहाबाद प्रक्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में अतुलनीय योगदान दिया था। ऐसे महापुरुषों के नाम को संस्थानों से जोड़ना आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।
गौरतलब है कि वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा द्वारा जारी विश्वविद्यालय ज्ञापांक 84/Estab/2026 दिनांक 13 जनवरी 2026 के आलोक में महाविद्यालय प्रशासन ने पत्रांक 1152/2026 दिनांक 15 जनवरी 2026 को अधिसूचना जारी की है।
इसके तहत विश्वविद्यालय के अंतर्गत अंगीभूत महाविद्यालय महाराजा कॉलेज, आरा को स्थापना काल से नामित “महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह महाविद्यालय, आरा” के नाम से पढ़े जाने का निर्देश दिया गया है।
अधिसूचना के अनुसार अब महाविद्यालय से संबंधित सभी शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं कार्यालयीन कार्य इसी मूल नाम से संपादित किए जाएंगे। साथ ही सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में सभी पत्राचार, अभिलेख, प्रतिवेदन, दस्तावेज तथा स्टाम्प पैड/मुहर में महाविद्यालय का मूल नाम ही अंकित किये जायेंगे। इस निर्णय से शिक्षाविदों, छात्रों एवं स्थानीय नागरिकों में भी हर्ष का माहौल है। लोगों का मानना है कि इससे महाविद्यालय की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को पुनः स्थापित करने में मदद मिलेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments