बक्सर । किला मैदान में गुरुवार को 20वीं अंतर्राज्यीय फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले का भव्य शुभारंभ बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद हिट कर किया। बक्सर की टीम का मैच होने के कारण किला मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, वहीं पिंटू सिंघानिया की शानदार आतिशबाजी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
टॉस जीतकर गया जी के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम के बल्लेबाज कप्तान के फैसले पर खरे नहीं उतर सके। गया जी की टीम निर्धारित 21 ओवर में मात्र 117 रन ही बना सकी। कप्तान गौतम यादव ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि रोहित ने 23 और प्रभाकर ने 11 रनों का योगदान दिया।
अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। फैज एकादश की ओर से कप्तान फरह अंसारी, दीपक पांडेय और विकास पटेल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्णव और अंकित सिंह को एक-एक सफलता मिली। गया जी के दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
118 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए फैज एकादश बक्सर की टीम ने 13.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से अंकित राज ने छह चौकों और दो शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं कुंदन वर्मा ने नाबाद 24 रन, हृदय ने 17 और अर्णव किशोर ने 20 रनों का योगदान दिया। गया जी की ओर से सुमन सौरभ, भारती, ऋषि राज और अभिनव सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
फैज एकादश बक्सर के खिलाड़ी अंकित राज को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वार्ड संख्या दो के पार्षद अजय चौधरी ने प्रदान किया। मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी ने निभाई।
मैच के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी, संजय राय, डॉ. श्रवण तिवारी, ओमजी यादव, डॉ. एस.एन. उपाध्याय, डॉ. तनवीर फरीदी, डॉ. सुहैल अहमद सहित पप्पू चौबे, राकेश महतो, राजेश यादव, मनीष पासवान, शेखू फरीदी, बबलू बल्ली, राम इकबाल सिंह एवं राम इकबाल सिंह उर्फ मंत्री जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुजफ्फरपुर और फैज एकादश बक्सर के बीच खेला जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments