बक्सर । चौसा रेलवे स्टेशन स्थित मजदूर यूनियन कार्यालय में सोमवार को समाजवादी विचारधारा के प्रखर नेता, कुशल सांसद और सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा देने वाले श्री शरद यादव की तृतीय पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की। इस अवसर पर उनके तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उन्हें भावभीनी याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज यादव ने कहा कि शरद यादव का संपूर्ण राजनीतिक जीवन वंचितों, पिछड़ों और हाशिए पर खड़े समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और जेपी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। शरद यादव की पहचान एक जुझारू, निर्भीक और तर्कपूर्ण वक्ता के रूप में थी, जो संसद में जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाते थे।
डॉ. यादव ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने में शरद यादव की ऐतिहासिक भूमिका रही है। सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के आरक्षण, संघीय ढांचे की मजबूती और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा उनके राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रहे। उनका मानना था कि लोकतंत्र तभी सशक्त होगा, जब सत्ता में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। वे पद और सत्ता से अधिक सिद्धांतों को महत्व देने वाले नेता थे और राजनीतिक असहमति के बावजूद कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि शरद यादव का संघर्ष, सादगी और वैचारिक दृढ़ता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और भारतीय राजनीति में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रो. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामशीष कुशवाहा, मुन्ना चौधरी, विजय राम, श्रीमन पांडेय, इंजीनियर नितेश कुमार उपाध्याय, गोविंद खरवार, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, ईश्वर चंद, बबलू पाल सहित सफाई कर्मियों ने भी उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments