बक्सर । माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर द्वारा डॉ. धनपति राय हॉस्पिटल में ब्लड बक्सर के सहयोग से महादान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह शिविर अंग्रेजी नववर्ष के शुभारंभ एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को सुबह 11:30 बजे से डॉ. धनपति राय हॉस्पिटल, सरेंजा, बक्सर परिसर में आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन डॉ. सीखा रॉय, डॉ. अवनि रॉय एवं आशुतोष राय ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर मनोरमा राय, डॉ. सदाशिव राय, ब्लड बक्सर के नसीम नायक, आदिल खान, सुमित मानसिंका, प्रियेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर में 03 रक्तवीरांगनाओं नाजिया परवीन सहित कुल 22 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में संगीता कुमारी, दीपक कुमार, मो. बिस्मिल्लाह अंसारी, अभिषेक राय, संदीप राय, कैलाश उपाध्याय, सतीश कुमार श्रीवास्तव, शाश्वत यादव, आशुतोष राय, हर्ष कुमार, धनजी राय, प्रमोद कुमार, जेम्स्वाट मौर्या, राकेश सिंह, चुनमुन सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. अवनि रॉय ने रक्तदान के लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग एवं कैंसर का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान प्रक्रिया के दौरान रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन सहित एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी तथा सिफिलिस जैसी बीमारियों की जांच निःशुल्क की जाती है, जिससे रक्तदाता को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक-दो बार रक्तदान करने की अपील की।
वहीं डॉ. सीखा रॉय ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। बढ़ती रक्त की मांग को देखते हुए “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान की परंपरा शुरू करने की आवश्यकता है, ताकि ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को पूरा किया जा सके।
ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंका ने बताया कि यह इस माह का दूसरा रक्तदान शिविर है, जबकि तीसरा शिविर 20 जनवरी 2026, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 8804433322 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ब्लड बक्सर द्वारा हर माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाता है।
माँ तपेश्वरी देवी ब्लड बैंक के संतोष चौबे ने इस नेक पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन, सभी रक्तवीरों-वीरांगनाओं एवं ब्लड बक्सर का हार्दिक आभार व्यक्त किया। शिविर में डॉ. धनपति राय हॉस्पिटल के सौजन्य से रक्तदाताओं को मोमेंटो एवं ब्लड बक्सर तथा एमटीडी की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. धनपति राय हॉस्पिटल के सभी स्टाफ एवं माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर का विशेष योगदान रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments