Ad Code

शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, गाजीपुर इलेवन फाइनल में



बक्सर । चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की गाजीपुर इलेवन ने बलिया इलेवन को कड़े मुकाबले में 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।


मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों ओर से कई गोल के प्रयास हुए, लेकिन मजबूत रक्षा पंक्ति के कारण कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी। दूसरे हाफ में गाजीपुर इलेवन ने तेज रफ्तार और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए निर्णायक गोल किया। इसके बाद बलिया इलेवन ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन गाजीपुर के गोलकीपर और डिफेंडरों ने शानदार खेल दिखाते हुए सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया। अंततः मुकाबला गाजीपुर इलेवन के पक्ष में 1-0 से समाप्त हुआ।





मैच के दौरान मौजूद बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए चौसा खेल मैदान की घेराबंदी कराने तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने चौसा खेल मैदान को बेहतर स्टेडियम के रूप में विकसित करने का भी आश्वासन दिया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, एसटीपीएल के प्रभारी सीईओ संदीप कुमार एवं मितेश यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का संदेश दिया।



डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों के प्रति प्रेरित करना है।

मैच का सफल संचालन रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अधिवक्ता रामलखन पाल, डॉ. सुनील सिंह यादव, प्रो. रमेशचंद श्रीवास्तव, रामाशीष सिंह, संजय मास्टर, विनोद कुमार यादव, पंकज कुमार सिंह, चंदन चौधरी, आनंद रावत, रामजीत गोंड़, बसंती देवी, भरत पांडेय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों एवं कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बक्सर एकादश और आरा एकादश के बीच खेला जाएगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu