विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला और साहित्य के नवाचारों से सजी छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रदर्शनी
बक्सर । नावानगर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा स्थित द एमिटी स्कूल परिसर में ऑल सब्जेक्ट्स प्रोजेक्ट एग्जीबिशन का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, कंप्यूटर तथा आर्ट एंड क्राफ्ट सहित विभिन्न विषयों से जुड़े रचनात्मक और नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए। छात्रों द्वारा प्रस्तुत कुल 1550 से अधिक प्रोजेक्ट्स ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित करते हुए विद्यालय के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, नवोदय विद्यालय बक्सर के वरीय शिक्षक आर. सी. मिश्रा, अमरावती पेट्रोल पंप संचालक अमर सिंह एवं द एमिटी स्कूल के निदेशक अमरेन्द्र राजेश ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत फूल-माला, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
अपने संबोधन में विधायक राहुल कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास का विकास होता है। प्रोजेक्ट आधारित शिक्षा बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान से भी जोड़ती है। अन्य अतिथियों ने भी छात्रों की मेहनत और प्रस्तुति की सराहना की।
विद्यालय के निदेशक अमरेन्द्र राजेश ने कहा कि द एमिटी स्कूल देश के चुनिंदा विद्यालयों में शामिल है, जहां नियमित रूप से ऑल सब्जेक्ट्स प्रोजेक्ट एग्जीबिशन का आयोजन किया जाता है। यहां छात्रों को सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यावहारिक, रचनात्मक और नैतिक शिक्षा भी दी जाती है।
प्रदर्शनी में विज्ञान विषय के अंतर्गत सोलर सिस्टम, स्मार्ट सिटी, विंड पावर प्लांट, रोबोटिक्स, वाटर मैनेजमेंट, फायर अलार्म और डिजिटल इंडिया जैसे मॉडल प्रस्तुत किए गए। सामाजिक विज्ञान में भारतीय संविधान, लोकतंत्र, संसद प्रणाली, सतत विकास, इसरो, भारतीय दर्शन और भूगोल से जुड़े प्रोजेक्ट्स आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं हिंदी, अंग्रेजी और आर्ट एंड क्राफ्ट के अंतर्गत साहित्यिक परियोजनाएं, कविताएं, पेंटिंग्स और क्राफ्ट मॉडल्स ने दर्शकों को खूब लुभाया।
प्रत्येक विषय में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आगंतुकों ने विद्यालय की इस शैक्षणिक पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के वातावरण में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ की भी उपस्थिति रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments