बक्सर । चौसा नगर पंचायत अंतर्गत चौसा आदर्श उच्च विद्यालय के खेल मैदान में 28 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाली शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा मैदान, सुरक्षा, खिलाड़ियों की सुविधा, दर्शकों की व्यवस्था सहित विभिन्न आवश्यक बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता क्षेत्रीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच साबित होगी। यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, खेल भावना, टीम वर्क और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की पाठशाला है। खेल से जहां शरीर मजबूत होता है, वहीं मन अनुशासित होता है और आत्मविश्वास का विकास होता है। जो युवा खेल के मैदान में संघर्ष करना सीख लेते हैं, वे जीवन की हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम बनते हैं।
बैठक में प्रोफेसर रमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामलखन पाल, सुनील कुमार सिंह, रामेश्वर चौहान, भरत पाण्डेय, लालजी राम, विनोद कुमार यादव, तेजनारायण यादव, श्रीभगवान राम, नितेश कुमार उपाध्याय, संजय राम, बबलू पाल, हवलदार चौधरी, सुनील कुमार राम, रामप्रवेश राजभर, वीरेंद्र राम, सदानंद राम, विजय राम, दिलबहार पासी, विनय कानू, मुन्ना खरवार, कन्हैया मालाकार, रमेश चौधरी, कृष्णा मालाकार, नारायण माली, गोविन्द खरवार, श्रीमान नारायण पाण्डेय, बनारसी माली, शिवजी चौधरी सहित कई अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने स्थानीय खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments