बक्सर । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस के आदर्शों और विचारधारा को समर्पित जनसभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडे ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1885 में ए.ओ. ह्यूम के नेतृत्व में दादा भाई नौरोजी, फिरोजशाह मेहता और बदरुद्दीन तैयबजी जैसे महान नेताओं द्वारा कांग्रेस की स्थापना की गई। इसका उद्देश्य देशवासियों को एक मंच पर लाकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संगठित संघर्ष करना और सामाजिक समानता स्थापित करना था। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने अहिंसा और सत्याग्रह के जरिए स्वतंत्रता आंदोलन को जन आंदोलन बनाया।
डॉ. पांडे ने कहा कि आज़ादी के बाद भी कांग्रेस ने संविधान निर्माण, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, पंचायती राज, हरित क्रांति, औद्योगिक विकास, शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि कांग्रेस की नीति और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करना होगा। वहीं किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार पांडे और वरिष्ठ नेता भोला ओझा द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सिद्धांतों पर चलकर एक सशक्त और समावेशी भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस मौके पर कामेश्वर पांडेय, भोला ओझा, संजय कुमार पांडे, रोहित उपाध्याय, निर्मला देवी, संजय कुमार दुबे, आपसा परवीन, पिंकी कुमारी, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, शबनम खातून, सुनील पांडे, अकबरी खातून, आबिदा खातून, राकेश यादव, बब्बन तुरहा, राजू यादव, रशीदा खातून, महेंद्र चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह उत्साह और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments