बक्सर । नगर परिषद बक्सर की वार्षिक बैठक बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें सभी वार्ड सदस्य, नगर परिषद के ईओ मनीष कुमार सहित नगर प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन कमरून निशा एवं उप-चेयरमैन ने संयुक्त रूप से की।
इस बैठक का विशेष आकर्षण बक्सर सदर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक आनन्द मिश्र की पहली उपस्थिति रही। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मिश्र ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि वे जनता के प्रति अपने उत्तरदायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएँ। साथ ही नगर परिषद के तहत चल रही सभी योजनाओं को बिना देरी धरातल पर उतारने का निर्देश दिया, ताकि जनता को समयबद्ध रूप से लाभ मिल सके।
मनमानी व भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख
विधायक आनन्द मिश्र ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “जो भी अधिकारी मनमानी करेगा या कमीशन की मांग करेगा, उसके विरुद्ध मैं स्वयं शिकायत दर्ज कराऊँगा और जरूरत पड़ने पर उसकी गिरफ्तारी तक करवाई जाएगी।” उनके इस बयान से नगर प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया।
वार्ड सदस्यों की समस्याएँ—व्यक्तिगत स्तर पर समाधान का आश्वासन
विधायक ने सभी वार्ड सदस्यों को भरोसा दिलाया कि यदि कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा आती है या किसी योजना के क्रियान्वयन में दिक्कत होती है, तो वह स्वयं हस्तक्षेप कर उसका समाधान सुनिश्चित करेंगे।
मंत्रालय और विधानसभा तक मुद्दे उठाने का संकल्प
उन्होंने कहा कि बक्सर के विकास से जुड़े मुद्दों पर किसी भी स्तर पर बाधा आने पर वह मंत्रालय से लेकर विधानसभा तक हर मंच पर मजबूती से आवाज उठाएंगे। उन्होंने नगर प्रशासन को निर्देश दिया कि विकास व जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
नगर परिषद की यह बैठक बक्सर के संपूर्ण विकास को गति देने और शहर में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विधायक मिश्र ने स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में न लापरवाही स्वीकार होगी, न भ्रष्टाचार।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments