बक्सर । बुधवार की सुबह बक्सर–पटना फोरलेन पर तेज रफ्तार टेलर ने एक साइकिल सवार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद टेलर चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश तेज कर दी है।
मृतक की पहचान पुराना भोजपुर निवासी रामजी प्रसाद (पिता स्व. केशरी चौरसिया) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामजी प्रसाद हर दिन की तरह सुबह करीब 7:30 बजे साइकिल से नवाडेरा से दूध लाने जा रहे थे। जैसे ही वे गांव की पुरानी सड़क छोड़कर फोरलेन क्रॉस करने लगे, उसी दौरान तेज रफ्तार टेलर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामजी प्रसाद मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार मृतक अत्यंत गरीब परिवार से थे और एक बिल्डिंग मटेरियल दुकान पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण–पोषण करते थे। उनका इकलौता पुत्र घर के पास एक छोटी दुकान चलाता है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को बदहवास कर दिया है।
पुलिस ने वाहन जब्त किया, चालक फरार
हादसे के बाद पुलिस ने टेलर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन पुलिस अपने स्तर से जांच में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पैतृक घर पहुंचते ही शव देखकर महिलाओं का रोना-चीखना शुरू हो गया और पूरे माहौल में मातम छा गया।
फोरलेन पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाएँ, लोग आक्रोशित
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश गहरा गया है। बक्सर–पटना फोरलेन (एनएच 922) पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए लोगों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि फोरलेन पर गति नियंत्रण, यातायात मानकों के पालन और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की कड़ी आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments