Ad Code

सड़क किनारे मिला मजदूर का शव,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़



बक्सर । जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छोटका दियां गांव में मंगलवार की सुबह एक मजदूर का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटका दियां गांव निवासी 39 वर्षीय बीरेन्द्र बिंद के रूप में हुई है। सोमवार को वे घर से मजदूरी करने निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, और मंगलवार सुबह छोटका दिया–अरक मार्ग के किनारे उनका शव बरामद हुआ।



मृतक की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति चक्की दीयर गांव में पटवन कार्य के लिए गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। सुबह शव मिलने की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। आशा देवी ने कहा कि इस दर्दनाक घटना से उनके छह छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के सिर पर गहरी चोट और हाथों में करंट लगने के निशान पाए गए हैं। इससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि मौत किसी दुर्घटना का परिणाम हो सकती है। हालांकि, ग्रामीणों में हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं — यह हादसा था या किसी साजिश का परिणाम, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu