बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड के उधूरा गांव में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ओर से बुधवार को पर्यावरण परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश कुमार सुदामा ने की, जबकि संचालन नित्यानंद ओझा ने किया। इस अवसर पर राजस्थान से आए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अखिल भारतीय संयोजक गोपाल आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए गोपाल आर्य ने कहा कि जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए “पेड़ लगाओ, पानी बचाओ और पॉलिथीन हटाओ” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन का अत्यधिक उपयोग आज समाज के लिए असुर का रूप ले चुका है, जिसे समाप्त करना अब अत्यावश्यक है।
दक्षिण बिहार पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संयोजक रामविलास शांडिल्य ने कहा कि मानव केंद्रित विकास अब असफल साबित हो चुका है, इसलिए अब प्रकृति केंद्रित विकास की दिशा में बढ़ना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि घरों की छतों पर फलदार और लतादार पौधे लगाने चाहिए ताकि कंक्रीट की गर्मी कम हो सके और एसी पर निर्भरता घटे, क्योंकि एसी अंदर ठंडक देता है पर बाहरी वातावरण को नुकसान पहुंचाता है।
कार्यक्रम के दौरान आर्द्र भूमि एवं जैव विविधता संरक्षण पर लंबे समय से कार्य कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता शिवजी सिंह को उनके प्रयासों से गोकुल जलाशय को रामसर साइट के रूप में अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाने के लिए श्रीराम ओझा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से वर्ष 2025 का ‘पर्यावरण मित्र सम्मान’ प्रदान किया गया। इसी सम्मान से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नित्यानंद ओझा को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेश ओझा ने कहा कि “शिवजी सिंह और नित्यानंद ओझा जैसे लोग ही इस धरती के सच्चे सेवक हैं, जिनके प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित हो सकेगा।”
परिचर्चा के समापन के बाद सभी पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने श्रीराम जानकी मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अजीत दुबे, मुकेश मिश्रा, अंतर्यामी मिश्रा, विशाल सिंह, नित्यानंद पांडेय, विजय शंकर पाठक, संतोष चौबे, अजेंद्र बारी, संजय मिश्रा, दिलीप मिश्रा सहित कई पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments