बक्सर । कार्तिक माह का पावन पर्व छठ नजदीक आते ही जिले में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। शनिवार से ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हुए चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालु गंगा तटों पर जुटने लगे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, खासकर भीड़ नियंत्रण और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर डॉ. श्रवण तिवारी ने नाव से शहर के सभी 32 छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रामरेखा, नाथ बाबा, ठठेरी बाजार और पिपरापाती घाट जैसे प्रमुख स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
चेयरमैन प्रतिनिधि फरीदी ने बताया कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर परिषद ने बेहतर व्यवस्था की है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन घाटों पर अधिक भीड़ होती है, वहां बैरिकेडिंग की जाए, साथ ही पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
डॉ.श्रवण तिवारी ने कहा कि घाटों की सफाई को लेकर विशेष दल बनाए गए हैं, जो चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला पुलिस कर्मियों और होमगार्ड सहित अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। चार दिन तक चलने वाले इस महापर्व के दौरान गंगा तटों पर लाखों श्रद्धालु सूर्य देव की उपासना करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय माहौल मिले।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...































0 Comments