बक्सर । बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर डॉ. मनोज कुमार पांडे का निलंबन वापस लेते हुए उन्हें एक बार फिर बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह तीसरी बार है जब डॉ. पांडे को बक्सर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद का दायित्व दिया गया है। इस फैसले से जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष की लहर दौड़ गई।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि डॉ. पांडे का पार्टी के प्रति समर्पण और संगठन के लिए किए गए संघर्षों को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष का यह निर्णय स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि पांडे ने अपने 38 वर्ष के राजनीतिक जीवन में कभी भी संघर्ष से मुंह नहीं मोड़ा और हमेशा कांग्रेस के कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने का कार्य किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि यह नियुक्ति पार्टी के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा, “प्रदेश अध्यक्ष ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसे मैं पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का कार्य जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं के सहयोग से जीत सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, गुलदस्तों और अंगवस्त्र से उनका जोरदार स्वागत किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनय कुमार सिंह, भोला ओझा, त्रिलोकीनाथ मिश्रा, किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी, पप्पू दुबे, अभय मिश्रा, रोहित उपाध्याय, उपेंद्र ओझा, अजय कुमार यादव, दीपक पांडे, कुमकुम देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. पांडे के नेतृत्व में बक्सर जिला कांग्रेस एक बार फिर मजबूती के साथ उभरेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments