बक्सर । औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव में दशहरे की रात महिला पर हुए जानलेवा हमले का बक्सर पुलिस ने मात्र 72 घंटे में सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अर्जुन ठाकुर (पिता–राधेश्याम ठाकुर) और मोनू कुमार, दोनों ग्राम पतेलवा, थाना औद्योगिक के निवासी, को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के क्रम में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घटना दुष्कर्म की नीयत से नहीं बल्कि घरेलू कलह के कारण की गई थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि पीड़िता का विवाद उसकी जेठानी से चलता था। इसी रंजिश के चलते जेठानी के पुत्र मोनू कुमार ने अर्जुन ठाकुर को महिला पर हमला करने के लिए 20 हजार रुपये देने का सौदा किया था।
घटना के दिन अर्जुन ठाकुर ने मोनू के बताए अनुसार छत के रास्ते घर में घुसकर सो रही महिला पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है तथा जिस दुकान से चाकू खरीदा गया था, उस दुकानदार से भी बयान लिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता अब खतरे से बाहर है और स्वस्थ होकर घर लौट आई है। वहीं, 72 घंटे के भीतर मामले के खुलासे को लेकर स्थानीय लोगों में बक्सर पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments