बक्सर । राजपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। देवढ़िया पंचायत के दो बार के मुखिया और पूर्व बसपा प्रत्याशी संजय राम ने गुरुवार को पटना स्थित सदाकत आश्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सैकड़ों समर्थकों ने भी कांग्रेस का दामन थामा।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अलवारु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने संजय राम का स्वागत किया। इस मौके पर राजेश राम ने कहा कि संजय राम के जुड़ने से कांग्रेस को नई ताकत मिलेगी।
संजय राम ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहते हुए 45 हजार वोट हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया था। यही कारण है कि राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि कांग्रेस, राजपुर सीट पर वर्तमान विधायक विश्वनाथ राम की जगह उन्हें विकल्प के तौर पर सामने ला सकती है।
सूत्रों का कहना है कि हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ न जुटा पाने से विश्वनाथ राम की स्थिति कमजोर हुई है। वहीं, स्थानीय स्तर पर उनके खिलाफ नाराजगी भी बढ़ रही है। इस सूरत में संजय राम को कांग्रेस एक संभावित चेहरे के रूप में तैयार कर रही है। दिलचस्प यह भी है कि विश्वनाथ राम और संजय राम—दोनों ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व सचिव राहुल चौबे ने कहा कि संजय राम जैसे जमीनी नेता के शामिल होने से पार्टी में नई ऊर्जा आएगी। वहीं, बक्सर युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात कुमार, प्रदेश सचिव नंदू उपाध्याय, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष लक्की ओझा, सेवादल के गुप्तेश्वर चौबे, झब्बू सिंह, मंसूर अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...





















0 Comments