Ad Code

दम घुटने से किसान की मौत, महदह गाँव के पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस नेता आशुतोष त्रिपाठी



बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गाँव में रविवार को खेत के बोरवेल की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से जयप्रकाश कुशवाहा (54 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं अजय कुशवाहा (35 वर्ष) और जसवंत कुशवाहा (40 वर्ष) गंभीर रूप से बीमार हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जहाँ फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।


ग्रामीणों के अनुसार, बोरवेल की सफाई और मोटर निकालने के दौरान अंदर बनी चैंबर में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस का असर हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन जयप्रकाश को नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद गाँव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कांग्रेस नेता पहुँचे पीड़ित परिवार के घर :

घटना की सूचना पर कांग्रेस युवानेता सह प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी महदह गाँव पहुँचे और मृतक परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही की वजह से ऐसी घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा और परिजनों को नौकरी देने की माँग उठाई।


कांग्रेस नेता आशुतोष त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजों पर सुरक्षा मानकों की बात करती है, जबकि जमीनी स्तर पर आम लोगों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि बोरवेल और कुओं की सफाई में सुरक्षा के इंतज़ाम न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन तब जागता है जब किसी की जान चली जाती है। ग्रामीणों ने भी एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएँ।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu