बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गाँव में रविवार को खेत में बने बोरवेल की सफाई के दौरान दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत बिगड़ गई। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान जयप्रकाश कुशवाहा (54 वर्ष), पिता स्वर्गीय यदुनंदन कुशवाहा, निवासी ग्राम महदह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जयप्रकाश अपने दो सहयोगियों के साथ बोरवेल के चैंबर में मोटर निकालने गए थे। इसी दौरान कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
वहीं, उनके साथ गए अजय कुशवाहा (35 वर्ष) पिता ब्यास कुशवाहा और जसवंत कुशवाहा (40 वर्ष) पिता जगदीश कुशवाहा की स्थिति बिगड़ गई। ग्रामीणों की तत्परता से दोनों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना के इटाढ़ी गुमटी पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन की। बाद में वे सदर अस्पताल भी पहुँचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
वहीं, जिला पार्षद प्रतिनिधि रिंकू यादव भी अस्पताल पहुँचे और मृतक के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया । गाँव में इस घटना से शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और मृतक के परिजनों को सहायता देने की माँग की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...





















0 Comments